मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

किसान संघ ने आज महामहिम राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार सुश्री रेखा देशमुख को ज्ञापन सौंपकर बताया कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीदी 8 और 9 प्रतिशत होती है. छोटे और मझोले किसानों को समर्थन मूल्य के नीचे भाव पर ही अपनी फसल बेचना पड़ रहा है। जुन्नारदेव में कृषि उपज मंडी नहीं होने के कारण व्यापारी किसानों की मजबूरियों का फायदा उठाकर उनका शोषण कर रहे हैं। खाद बीज व फसल बेचने को लेकर किसानों को मोटी रकम वहन करनी पड़ती है लेकिन उनकी फसल का दाम उचित नहीं मिल पाता है इसलिए कृषि मंडी जल्द खोला जाए। गेहूं और धान की खरीदी पंचायत स्तर पर हो। लघु और सीमांत किसानों को वेयरहाउस बनाने के लिए शासन से सब्सिडी दी जाए जिससे उपार्जन का भंडारण पंचायत में होने से ग्रामीणों को रोजगार मिले। किसान जैविक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं, सरकार किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराए। अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ तहसील ईकाई ने ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
