वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर-खीरी (यूपी), NIT:

जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और पुलिस विभाग में अनुशासन कायम रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने शुक्रवार को निरीक्षकों के तबादले किए हैं। पुलिस मीडिया सेल द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, धौरहरा और थाना खीरी में नए प्रभारी निरीक्षकों की तैनाती की गई है।
थाना धौरहरा क्षेत्र के ग्राम सिसैया खुर्द में 14 सितंबर को हुई घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइंस स्थानांतरित (लाइन हाजिर) कर दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। घटना के संबंध में मु0अ0सं0 433/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(2) और 333 में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एवं विवेचना जारी है।
अवनीश सिंह को धौरहरा की जिम्मेदारी
निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना धौरहरा नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह प्रभारी निरीक्षक थाना खीरी के पद पर तैनात थे।
वहीं, कोतवाली सदर में अपराध निरीक्षक के पद पर तैनात निरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा को प्रभारी निरीक्षक थाना खीरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, कानून-व्यवस्था और विभागीय अनुशासन को लेकर आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

