पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत खिड़कियां कला में पोषण माह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम परियोजना अधिकारी सत्यनारायण मकवाना के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें संतुलित आहार, मोटे अनाज से पौष्टिक खाद्य पदार्थ तैयार करने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खिड़कियां कला की सरपंच धनकुबाई पति खुमसिंग, महिला एवं बाल विकास पर्यवेक्षक अभिलाषा खराड़ी, दुर्गा चंदेल, ललिता गिनावा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बताया गया कि पात्र प्रथम गर्भवती महिलाओं को निर्धारित शर्तों के अनुसार पहली किस्त 3 हजार और दूसरी किस्त 2 हजार रुपये का लाभ दिया जाता है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज पूरे होने तथा बैंक खाते का एनपीसीआई से जुड़ा होना जरूरी है। दूसरी बार संतान के रूप में बालिका होने पर पात्र महिला को 6 हजार रुपये का लाभ दिए जाने की जानकारी भी दी गई।
इसी तरह लाड़ली लक्ष्मी योजना के संबंध में बताया गया कि बालिका और माता-पिता की आवश्यक आईडी होना जरूरी है। योजना के तहत कक्षा 6वीं में प्रवेश पर 2 हजार, 9वीं में 4 हजार, 11वीं और 12वीं में 6-6 हजार रुपये तथा कॉलेज के प्रथम एवं तृतीय वर्ष में प्रवेश पर 12,500-12,500 रुपये की छात्रवृत्ति दिए जाने की जानकारी दी गई। योजना के तहत बालिका को आगे चलकर निर्धारित शर्तों के अनुसार आर्थिक लाभ भी प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रमिला वसुनिया ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

