अरशद आब्दी, ब्यूरो चीफ, झांसी (यूपी), NIT:

बुन्देलखण्ड क्षेत्र (झाँसी मण्डल) की सांस्कृतिक, साहित्यक, एतिहासिक व अन्य विरासत के संकलन, संरक्षण, अनवेषण एवं शोध हेतु गठित समितियों में से एक हस्तशिल्प एवं उद्योग-धंधों से सम्बन्धित विंग की बैठक मण्डलायुक्त श्री डॉ अजय शंकर पाण्डेय जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में झाँसी मण्डल के हस्तशिल्प एवं उद्योग-धंधों के क्षेत्र में रूचि रखने वाले प्रबुद्ध नागरिक, उपायुक्त उद्योग तथा संबंधित विभागों के मण्डल स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। मण्डलायुक्त डॉ अजय शंकर पाण्डेय ने कहा कि हस्तकला एक ऐसी विद्या है जिसे मुख्यतः हाथ से या सरल औजारों की सहायता से ही कलात्मक कार्य किये जाते हैं। ऐसी कलाओं का सांस्कृतिक महत्त्व होता है। भारत हस्तशिल्प का सर्वाेत्कृष्ट केन्द्र माना जाता है। यहाँ दैनिक जीवन की सामान्य वस्तुएँ भी कोमल कलात्मक रूप में गढ़ी जाती हैं। इस महत्व को दृष्टिगत रखते हुए बुंदेलखण्ड में हस्तशिल्प व लघु उद्योग-धंधों के उन्नय व संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किये जायें।
बैठक के दौरान बुन्देलखण्ड क्षेत्र में संचालित हस्त शिल्प एवं उद्योग-धंधों की स्थिति पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने बताया कि झाँसी मण्डल के कुछ क्षेत्रों में हैण्डलूम संचालित थे परन्तु समय के साथ-साथ उनके उत्पादन स्तर में गिरावट आई है। इस क्षेत्र के निवासी मूलतः कृषि व्यवसाय पर ही आश्रित हैं परन्तु प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित न होने के कारण समस्याओं का सामना करना पड़ता है। झाँसी मण्डल के जनपद ललितपुर के ब्लाक जखौरा में पीतल के बर्तन व स्मृति चिन्ह बनाये जाने का कारोबार किया जाता है। झाँसी जनपद की मऊरानीपुर तहसील व ललितपुर जनपद के कुछ हिस्सों में हथकरघा का कार्य प्रचलन में है परन्तु संरक्षण के बिना ये लुप्त होने की कगार पर है।
हस्त शिल्प पर दीर्घकालिक कार्ययोजना की जरूरत
मंडलायुक्त ने बताया कि हस्त शिल्प एवं उद्योग-धंधों की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए मण्डल स्तर पर हस्त शिल्प एवं उद्योग-धंधों की समिति गठित की जायेगी। इस समिति में संबंधित विषय के विषय विशेषज्ञ, रूचि रखने वाले प्रबुद्ध नागरिकों/उद्यमियों को सम्मलित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि यह समिति झाँसी मण्डल के हस्त शिल्प एवं उद्योग-धंधों पर दीर्घकालिक कार्ययोजना बनाकर सुधार हेतु व्यापक स्तर पर कार्य करेगी। इस दीर्घकालिक कार्ययोजना से कुछ ऐसी गतिविधियों को चुना जाये जो स्थानीय उद्यमियों के सहयोग से व्यापक रूप ले सकें तथा कुछ ऐसी गतिविधियाँ भी चुनकर ऐसे प्रस्ताव बनाये जायें जिससे उ.प्र. सरकार के सम्बन्धित विभागों से वित्त पोषण पर विचार हो सके। उन्होंने बताया कि समिति का मूल उद्देश्य बुंदेलखण्ड विशेष रूप से झाँसी मण्डल में हस्तशिल्प एवं उद्योगों के विस्तार के लिए सकारात्मक वातावरण सृजित हो तथा यहाँ के शिल्पियों का उन्नयन संभव हो सके।
हस्तशिल्प व लघु उद्योग धंधों के उन्नय हेतु यह कार्य होंगे
तीनों जनपदों के हस्तशिल्प एवं उद्योग धंधों के क्षेत्रों को चिन्हित कर एक डायरेक्टरी का प्रकाशन।
‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ की प्रगति का मूल्यांकन, यदि आवश्यक हो तो उत्पाद के परिवर्तन हेतु औचित्यपूर्ण प्रस्ताव तैयार कराते हुए राज्य मुख्यालय को भेजे जायें।
चेम्बर ऑफ कामर्स के प्रतिनिधियों के सहयोग से विभिन्न प्रसोसिंग यूनिट की स्थापना की संभावनाओं का पता लगाया जाये।
ललितपुर जनपद के जखौरा क्षेत्र में पीतल के बर्तन/स्मृति चिन्ह के कारोबार को ‘स्केल-अप’ कराये जाने की दिशा में कार्य।
रानीपुर के कपड़ा उद्योग के संरक्षण व संवर्धन हेतु ओडीओपी में प्रस्ताव प्रेषित
रानीपुर के कपड़ा उद्योग के संरक्षण व संवर्धन के लिए उद्योग विभाग द्वारा अवगत कराया कि ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ (ओडीओपी) के अन्तर्गत प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जा चुका है। मण्डलायुक्त ने इस सम्बन्ध में उपायुक्त उद्योग झांसी को निर्देश दिये कि स्टेटस रिपोर्ट एक सप्ताह में उपलब्ध कराये।
हथकरघा संवर्द्धन सहायता के अंतर्गत तकनीक में सुधार और आधुनिक औज़ार व उपकरण खरीदने में सरकारी सहायता की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जाये। हथकरघा योजना के अंतर्गत सरकार 90 प्रतिशत लागत का बोझ उठाकर बुनकरों को नए करघे खरीदने में सहायता करती है। पात्र लाभार्थियों को इस योजना का लाभ पहुँचाने के विशेष प्रयास किये जायें। इसके लिये जिलाधिकारी झांसी, मुख्य विकास अधिकारी/अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुनकरों की बैठक आयोजित कराकर उनकी कठिनाईयों के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा कराये। उन्होने यह भी निर्देष दिये कि हस्तशिल्प एवं कुटीर उद्योगों से जुड़े कर्मियों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाये।
हस्तशिल्प मेला प्रदर्शनी का आयोजन अरबन हॉट में होगा
शिल्पियों द्वारा बनायी जा रहीं विभिन्न सामग्रियों के प्रदर्शन हेतु एक ‘प्रदर्शनी/हस्तशिल्प उद्योग मेला’ का आयोजन अरबन हॉट में किया जायेगा। इस प्रदर्शनी में झाँसी मण्डल के अतिरिक्त सभी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कराया जायेगा, जैसे- माटीकला, मूर्तिकला, बांस से निर्मित सामग्री, हैण्डक्राफ्ट आदि बुनकरों और कारीगरों के निर्मित उत्पादों को बाज़ार तक पहुँचाने में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए कुछ शिविरों में निर्यात/शिल्प बाज़ार/बायर-सेलर्स मीट भी कराई जायेगी।
बैठक का संचालन मण्डलीय परियोजना प्रबंधक एन.एच.एम./सिफ्सा आनन्द चौबे ने किया। बैठक में उपाध्यक्ष जेडीए सर्वेश कुमार, संयुक्त निदेशक उद्योग अमिता वर्मा, डा. नीति शास्त्री, श्रीमती कामिनी बघेल, व्यापार मण्डल के संजय पटवारी, गौरव गर्ग, उप श्रमायुक्त नदीम अहमद, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी राकेश श्रीवास्तव, डा. जितेन्द्र तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व प्रबुद्व नागरिक उपस्थित रहे।
