हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

सोनभद्र जिला के करमा थाना क्षेत्र के विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत धौरहरा में गुरुवार रात एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक चौहान (19) पुत्र मनोज चौहान का शव शुक्रवार सुबह मोती सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के परिसर में यूकेलिप्टस (लिप्टस) के पेड़ के पास मिला। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान रामानंद मौके पर पहुंचे, तब तक शव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा ले जाया जा चुका था। वहां पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, अभिषेक करमा बाजार में एक रिपेयरिंग दुकान पर काम करता था और गुरुवार रात काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान एक युवक ने उसे स्कूल परिसर में लगे पेड़ को काटने के लिए पैसों का लालच दिया, जिसे उसने ठुकरा दिया और घर चला गया। इसके बाद वह घटनास्थल पर कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर में रात के समय नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मृतक के दादा ने बताया कि उन्हें सुबह घटना की जानकारी मिली और यह स्पष्ट नहीं है कि अभिषेक वहां कैसे पहुंचा।
थाना प्रभारी सूर्यभान ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि युवक पेड़ काटते समय उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बताया जा रहा है कि मृतक की मां वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती हैं। अभिषेक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं, जिनमें से केवल एक की शादी हुई है। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

