वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

लखीमपुर खीरी जिले के प्रसिद्ध शिव मंदिर लिलौटी नाथ में इन दिनों विकास कार्य तेज़ी से जारी हैं। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार की पहल और सतत निगरानी के चलते मंदिर परिसर एवं आसपास का क्षेत्र नए स्वरूप में विकसित होता दिखाई दे रहा है। लंबे समय से लंबित बुनियादी सुविधाओं के कार्य अब धरातल पर नजर आने लगे हैं, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।
शुक्रवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने मौके पर पहुंचकर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और आगामी योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग द्वारा मंदिर तक पहुंच मार्ग के चौड़ीकरण और पुल निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, जिससे आवागमन अधिक सुगम होगा। साथ ही परिसर में नए विद्युत पोल और लाइटें लगाए जाने से रात्रिकालीन व्यवस्था भी सुदृढ़ हुई है।
मंदिर परिसर में चबूतरा निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिसके पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं को बैठने और पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके अतिरिक्त स्टील बेंच लगाने की तैयारी भी की जा रही है। नदी की सफाई कर घाट को उसके मूल स्वरूप में पुनर्स्थापित किया गया है, जिससे क्षेत्र का धार्मिक एवं पर्यटन महत्व और बढ़ गया है।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने मंदिर प्रबंधन के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

