संदीप शुक्ला/हिमांशु सक्सेना, ग्वालियर (मप्र), NIT:

रिटायर्ड दरोगा की हत्या के मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस के हाथ दो संदेही लगे हैं जिनसे पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग लगे हैं। आरोपी लूट व चोरी की वारदात को अंजाम देने आए थे और दरोगा के जागने पर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर माल बरामदगी में जुट गई है।
ज्ञात हो कि बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के विहार कॉलोनी में सोमवार की सुबह रिटायर्ड दरोगा मेघ सिंह की हाथ व पैर बंधी हुई लाश मिली थी। मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस ने पूरे इलाके के सीसीटीवी खंगाले तो कुछ फुटेज मिले थे। जिनके आधार पर दो युवकों को क्राइम ब्रांच व बहोड़ापुर थाना पुलिस ने लिफ्ट किया है। इनसे पूछताछ में हत्या का खुलासा करते हुए अहम सुराग भी मिले हैं। अब पुलिस इन सुरागों की पड़ताल व रायफल सहित अन्य सामान बरामद करने में जुटी हुई है। पकड़े गए आरोपितों में एक स्थानीय बदमाश तो दूसरा अन्य जिले का है।
कानपुर में दबोचे गये आरोपी
दो दिन पहले थाटीपुर थाना क्षेत्र के दर्पण कॉलोनी में हुई वरूण सिकरवार की हत्या में शामिल दो बदमाशों राहुल शर्मा व कपिल भदौरिया को क्राइम ब्रांच व थाटीपुर थाना पुलिस ने दबोच लिया है जबकि इनके दो अन्य साथी फरार हैं। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर इनके फरार साथियों की पड़ताल के साथ ही हिरासत में लेकर ग्वालियर आने के लिए रवाना हो गई है।
