वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर-खीरी (यूपी), NIT:

लखीमपुर नगर की संकटा देवी रोड पर अतिक्रमण हटाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। एसडीएम का कहना है कि 45 फिट की रोड मौके पर 20 या 25 फुट ही है जबकि कई दुकानदार 112 वर्ष से (आजादी के पहले से) काबिज हैं। व्यापारी कार्रवाई को रोकने के लिए अर्जेंट हियरिंग के लिए हाईकोर्ट गए। हाईकोर्ट ने रिट स्वीकार कर ली है और 5 जनवरी की तारीख दी है। हाईकोर्ट के वकील शिशिर चंद्रा ने इस बारे में कमिश्नर, डीएम, ईओ नगरपालिका आदि को सूचित भी कर दिया है। उधर प्रशासन की भेजी जेसीबी ने पावर स्टेशन का कमरा, धर्मादा कमेटी का आफिस ध्वस्त कर दिया है। कमेटी के मंत्री शिवशंकर मिश्र बड़कन्ने बिल्डिंग पर चढ़ गए और कूदने की धमकी दी। पुलिस ने उन्हें उतार लिया। बराबर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जा रही है। यह मामला 88 दुकानदारों से जुड़ा है। इन सभी को ईओ नगरपालिका ने नोटिस दी है कि अतिक्रमण हटा लें नहीं तो तोड़ दिया जाएगा और खर्च वसूल किया जाएगा। कई बहुमंजिली भवन, जूलरी शोरूम, बड़े प्रतिष्ठान चपेट में आ रहे है। पहली बार इतने बड़े ध्वस्तीकरण की रणनीति प्रशासन ने बनाई है। कई दुकानदारों ने खुद सामान हटा लिया है। बोर्ड व टीन उतार ली है। यहां अफरातफरी का माहौल है।
