आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जिले का विकास और इस विकास की गवाह जिले की जनता बेहतर जानती हेै कि श्री कमलनाथजी ने कभी भी घोषणा करके कोई काम नही किया और न ही कार्य पूर्ण होने के बाद वाहवाही लेने की राजनीति की है। जिला सहित प्रदेश की जनता इस बात की भी गवाह है कि भाजपा सरकार के 15 वर्षों की तुलना मे कमलनाथ सरकार के 15 माह प्रदेश की जनता के लिये सुख शांति व समृद्धि के रहे परंतु कांग्रेस ने कभी भी डिंढोरा नही पीटा लेकिन कार्यकर्ता इसे हताशा से न जोड़ें, अब 15 महीनों की सच्चाई जनता को बतानी होगी, उक्त उदगार मंगलवार को जिले के सांसद श्री नकुलनाथजी ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथजी के साथ कोयलांचल क्षेत्र में परासिया जामई में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में व्यक्त किये। श्री नकुलनाथजी ने कहा कि हमने 15 वर्ष विपक्ष में बिताये है और 15 माह की सरकार ने इतिहास बनाया है अतः हमारी हिम्मत, साहस और संघर्ष की क्षमता में कभी कोई कमी नही आयेगी और यदि कहीं कोई कमी है तो हमारे सर्वमान्य नेता श्री कमलनाथजी आज भी हर संकट से जूझने के लिये सबसे आगे खड़े हैं। आयोजित सम्मेलन में संगठन के आंतरिक विषयों पर भी सांसद ने खुलकर चर्चा की तथा कई विषयों पर कार्यकर्ताओं के सुझाव पर अपनी सहमति जताई। उन्होंने कहा कि आनेवाले समय में पंचायत एवं नगरीय निकाय के चुनाव सम्पन्न होने जा रहे हैं, यह चुनाव संगठन की नींव हैं और संगठन तभी मजबूत होगा जब नीव मजबूत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही प्रदेश में सबसे ज्यादा दुर्व्यवहार छिंदवाडा के साथ हुआ है। मेडिकल कॉलेज एवं यूनिवर्सिटी सहित अनेकों महत्वपूर्ण कार्यों पर रोक लगा दी गयी है। हमें अपने इस विकास के सपने को पूरा करने के लिये जनता तक सच्चाई को पहुंचाना होगा।
फिर से कमर कसने का समय आ गया है: कमलनाथ
उक्त दोनों की सभाओं में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथजी ने कहा कि यह सभी का प्यार और आ’आशिर्वाद है कि आप सभी ने मुझे विभिन्न पदों और उचाईयों तक पहुंचाया। मैं स्वीकार करता हू कि व्यस्तता के कारण मैं अपने जिले को कम समय दे पाया परंतु मेरा ध्यान तो हमेशा छिंदवाडा और छिंदवाडा की जनता की ही ओर लगा रहा और हमेशा लगा रहेगा। श्री नाथ ने कहा कि 15 माह की सरकार में मुझे साढे बारह माह काम करने का अवसर मिला और इस कार्यकाल में हमने किसान ऋणमाफी से लेकर कन्याविवाह व पेंशन सहित सैकड़ों वचन पूरे किये जो कि भाजपा को रास नही आये और उन्होंने प्रदेश मे बिकाउ, अनैतिक और सौदेबाजी की राजनीति कर प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया।
श्री कमलनाथजी ने कहा कि आज हम प्रदेश के किसी भी संभाग में जायें हर कोई छिंदवाड़ा को जानता पहचानता है और यहां के विकास से परिचित है जबकि इसके पूर्व यह पूछा जाता था कि छिंदवाडा कहां है। शिवराजसिंहजी ने उन्हें ऐसा मध्यप्रदेश सौपा था जो कि भ्रष्टाचार, अनाचार, बलात्कार, बेरोजगारी, किसानों की समस्या और अत्याचार मे नंबर वन बना रहा। यहां कोई निवेश नही आया। बेरोजगार सडकों पर ही रहे। प्रदेश की जनता को कांग्रेस की सरकार से एक आस बंधी। नयी किसान क्रांति आयी। कर्जमाफी की शुरूआत हुयी। श्री नाथ ने कहा कि फिर से कमर कसने का समय आ गया। आपका कांग्रेस के प्रति विश्वास और आपकी निष्ठा आपकी उपस्थिति का प्रमाण है। सच्चाई हमारी ताकत रही है और इसी सच्चाई के बलबूते पर हम मिलकर एक नई इबारत लिखेंगे।
