Edited by Gulzar Ahmed,
लखनऊ (यूपी ), NIT;
उत्तर प्रदेश के एटा जिला के अलीगंज के गांव नदराला में गुरुवार सुबह मिलावट खोरी की शिकायत पर जांच करने पहुंचे नायब तहसीलदार को पेटी डीलर ने गोदाम में बंधक बनाकर पीटा। इसके बाद केरोसिन डलकर जिंदा जलाने की कोशिश की,नायब तहसीलदार ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से केरोसिन से भरे 5 ड्रम और डीजल से भरे 11 ड्रम बरामद किए हैं।
मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नायब तहसीलदार लक्ष्मी नारायण वाजपेई को गांव नदराला निवासी पेटी डीलर अब्बास उर्फ प्यारे की मिलावट खोरी का डीजल बेचने की शिकायत उच्च अधिकारियों से मिली थी। गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे वह गांव पहुंचे और पेटी डीलर से माल चेक कराने को कहा। इस पर डीलर ने साफ इनकार कर दिया। नायब तहसीलदार ने फोर्स बुलाने की बात कही तो डीलर भड़क गया। आरोप है कि उसने अपने बेटे नदीम, रिश्तेदार मुदस्सिर और अन्य साथियों के साथ नायब तहसीलदार को गोदाम में बंधक बना लिया और जमकर पिटाई की, उसके बाद शरीर पर केरोसिन छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। किसी तरह से नायब तहसीलदार गोदाम से भाग निकले और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एएसपी विसर्जन सिंह यादव, एसडीएम मोहन सिंह, सीओ अलीगंज मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी मौके से हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने नदीम को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्रीय खाद अधिकारी विजय कुमार ने मीडिया को बताया कि प्रथम दृष्टया डीजल मिलावट का लग रहा है, वही इसने केरोसिन अवैध रूप से खरीदा है। फिलहाल डीजल का सैंपल लेकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा में भेजा गया। मौके से 11 ड्रम डीजल, पांच ड्रम केरोसिन बरामद हुआ है।
