अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र में युवतियों पर हमला कर दहशत फैलाने वाले कथित कटर मैन बदमाश की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को सोमवार को सम्मानित किया। इस सफल कार्रवाई में पिपलानी, अयोध्या नगर, गोविंदपुरा और अवधपुरी थानों की पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सम्मान समारोह के दौरान राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सुरक्षित और भरोसेमंद छवि समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज में घटने वाली गंभीर घटनाओं पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है, वहीं स्थानीय नागरिकों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है।
श्रीमती गौर ने कहा कि आरोपी बदमाश की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से न केवल जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत हुआ है, बल्कि अपराधियों में कानून का भय भी पैदा हुआ है। उन्होंने पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए भविष्य में भी इसी तरह सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित थाना क्षेत्रों के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

