वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर-खीरी (यूपी), NIT:

लखीमपुर खीरी जनपद के थाना भीरा क्षेत्र के गांव भानपुर के तीन युवकों के नदी में डूबने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार देर रात्रि तक दो युवकों मोहित 20 वर्षीय भानपुर तथा किशन अवस्थी 14 वर्षीय ढकिया के शव को नदी से पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बरामद कर लिये तथा मंगलवार की सुबह सुमित मृतक मोहित के सगे भाई के शव को भी ग्रामीणों की मदद से बरामद कर लिया गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ भानपुर निवासी विश्वनाथ अवस्थी के दो बेटे मोहित और सुमित अपनी मौसी के घर ढकिया गये हुये थे जहां से अपने मौसा कैलाश अवस्थी और मौसेरे भाई किशन अवस्थी तथा अपनी बहन के देवर अनुज शुक्ला और श्रीकांत निवासी लखाई के साथ नदी किनारे बाटी चोखा बनाकर खाने के लिए निकले थे। उसके बाद सभी छह लोग नदी में नहाने लगे और देखते ही देखते कैलाश के अतिरिक्त पांचों लड़के नदी में डूबने लगे। शोर मचाने पर नदी पर तरबूज की फसल लगाने वाले लोग भी दौड़े उधर कैलाश भी बहुत कोशिश करता रहा जिनमें से दो को बमुश्किल से निकाला जा सका लेकिन तब तक तीन लोग नदी की तेज धार में बहकर मौत की नींद सो चुके थे। देर रात तक दो शव बरामद कर लिए गये और मंगलवार को तीसरा शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। सूचना पाकर मौके पर भाजपा विधायक रोमी साहनी, एडिशनल एसपी शैलेन्द्र पाल, क्षेत्राधिकारी गोला गोकर्णनाथ रविंद्र कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष भीरा प्रदीप कुमार मय फोर्स मौके पर पहुंचे और रात में ही सर्च लाइट की रोशनी में डूबे हुए व्यक्तियों की तलाश की गई, तो मोहित एवं किशन (गोलू) को पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत सीएचसी बिजुआ भेजा गया, जहां पर चिकित्साधिकारी द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।सुमित की तलाश देर रात तक की गई लेकिन उसका पता नहीं चला। उसके बाद मंगलवार को सुबह से ही गोताखोरों, तैराकों, ग्रामवासियों के साथ क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार वर्मा ने स्वयं पुलिस स्टाफ सहित नदी में घुसकर तलाश किया। काफी परिश्रम के बाद दोपहर में सुमित का शव शारदा नदी से बरामद हुआ। इस ह्रदय विदारक घटना से पूरे गांव में शौक की लहर दौड़ गई है।इस दुर्घटना में विशवनाथ अवस्थी ने अपने दोनों लड़के तथा कैलाश ने अपना इकलौता बेटा खोया है। पुलिस ने पंचनामा की कार्यवाही कर शवों को पोस्टमार्टम हेतु मुख्यालय भेज दिया। ग्रामवासियों ने बताया कि सभी लोग काफी व्यवहार कुशल थे, उनकी मौत पर हर शख्स गमगीन था।
