रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर क्षेत्र के प्रसिद्ध प्राचीन तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं का आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मेघनगर और झाबुआ के बीच अनास नदी के तट पर विराजमान दूधेश्वर महादेव मंदिर में प्रातःकाल से ही दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

शिवभक्तों की आस्था के प्रमुख केंद्र दूधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन और अभिषेक के लिए लंबी कतारें देखी गईं। श्रद्धालुओं ने घंटों लाइन में लगकर दर्शन, पूजन एवं अभिषेक किया।

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर परिसर को पूर्व से ही रंग-रोगन, आकर्षक विद्युत सज्जा एवं पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया था। क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी प्रातः से ही धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए थे।

श्री गणेश महिला मंडल ने सुबह दूधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और बाबा भोलेनाथ के भजनों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
प्रसिद्ध दूधेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रातः से ही जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना का क्रम प्रारंभ हो गया था।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, पूर्व पेटलावद विधायक वालसिंह मेड़ा, अंतरवेलिया चौकी प्रभारी जगदीश नायक एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मंदिर पहुंचे और दर्शन लाभ लिया।
दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे।
दूधेश्वर महादेव मंदिर समिति के आयोजक और लोकप्रिय समाजसेवी उद्योगपति बृजेश शर्मा (चुन्नू भैया) द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालु देर रात्रि तक “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ शिव भक्ति में लीन रहे।
अपार भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। मंदिर परिसर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस आयोजन में दूधेश्वर महादेव मंदिर समिति के आयोजक बृजेश शर्मा (चुन्नू भैया), गोपाल नीमा, पुरुषोत्तम शर्मा, ऊकार सिंह नायक, पत्रकार पंकज बड़ोला, रवि वर्मा सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।

