मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर को दी 698.26 करोड़ की विकास सौगात, अर्चना चिटनिस की मांगों पर कई बड़ी घोषणाएं | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर को दी 698.26 करोड़ की विकास सौगात, अर्चना चिटनिस की मांगों पर कई बड़ी घोषणाएं | New India Times

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने बुरहानपुर प्रवास के दौरान बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र को 698.26 करोड़ रुपये की लागत से 80 से अधिक विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिले के समग्र विकास को नई दिशा दी।

कार्यक्रम में बुरहानपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू राजेन्द्र दादू, महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, उपाध्यक्ष गजानन महाजन, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती साधना वीरेन्द्र तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनाली प्रदीप पाटिल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने विधायक अर्चना चिटनिस द्वारा विगत वर्षों से की जा रही विकास संबंधी मांगों को स्वीकार करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। विधायक श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री द्वारा विकास कार्यों की स्वीकृति और घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता है और बुरहानपुर के विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य करेगी।

विधायक अर्चना चिटनिस के नेतृत्व में भव्य स्वागत से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बुरहानपुर आगमन पर विधायक अर्चना चिटनिस के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया, जिससे मुख्यमंत्री अत्यंत प्रसन्न और प्रभावित हुए। रेणुका कृषि उपज मंडी स्थित हेलीपेड पर आगमन के बाद रेणुका मंदिर मार्ग से नेहरू स्टेडियम तक भव्य रोड शो आयोजित किया गया। मार्ग में सामाजिक, व्यापारी, कृषक, युवा एवं महिला संगठनों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरहानपुर की जनता द्वारा किया गया स्वागत उनके लिए जीवनभर स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं, जिनमें मिनी एयरपोर्ट निर्माण, निमाड़ रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव, ताप्ती मेगा रिचार्ज परियोजना, शाहपुर नगर परिषद को नगर पालिका का दर्जा, उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना, कला-संगीत शिक्षण संस्थान, विभिन्न सड़क मार्गों का निर्माण एवं मजबूतीकरण, बहादरपुर सहकारी सूत मिल श्रमिकों के बकाया भुगतान और मिल भूमि पर नवीन औद्योगिक नगर की स्थापना शामिल हैं।
698.26 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने 362.15 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और 336.11 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस प्रकार कुल 698.26 करोड़ रुपये की लागत से 80 से अधिक विकास परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ, जिनमें सड़क, जलप्रदाय, सीवरेज, शहरी अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और औद्योगिक विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

कृषि, उद्योग और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने केला, कपास और बागवानी फसलों के लिए प्रोसेसिंग, भंडारण और वैल्यू एडिशन इकाइयों की स्थापना की घोषणा की। साथ ही युवाओं के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की बात कही, जिससे जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन

कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच के समीप आठ फीट ऊंचे और साढ़े तीन टन वजनी नर्मदेश्वर शिवलिंग की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अभिषेक कर प्रदेश और बुरहानपुर की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

बुरहानपुर के समग्र विकास का संकल्प

विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधि मिलकर बुरहानपुर को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और नगरीय विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बुरहानपुर के समग्र विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.