सुफियान सिद्दीकी, भोपाल (मप्र), NIT:

राजधानी भोपाल से लेकर कई देशों में अपनी शायरी का लोहा मनवा चुके अंतर्राष्ट्रीय शायर मंज़र भोपाली अपनी मर्यादा भूल गए हैं। दरअसल इस शायर ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक शायरी पोस्ट की है जिसमें अपशब्द का प्रयोग किया गया है। उन्होंने रात्री 8:43 पर यह पोस्ट शेयर की। सूत्रों का कहना है कि मंज़र की यह शायरी पीएम मोदी के लॉकडाउन बढ़ाने पर कटाक्ष है।
लोगों का कहना है कि यह लॉकडाउन का साइड इफेक्ट है जो बड़े बड़े लोग इस तरह की हरकत सार्वजनिक तौर पर सोशल मीडिया से आकर कर रहे हैं। हालांकि मंज़र पहले भी एक मंच से अपशब्द का प्रयोग कर चुके हैं। वहीं मंज़र के प्रशंसक यह किसी हैकर द्वारा पोस्ट करने की बात कर रहे हैं। प्रशंसक फ़राज़ खान की मानें तो यह काम किसी ने मंज़र को बदनाम करने के लिए किया है।
मामला जो भी हो मगर इस तरह से एक मशहूर शायर के अकाउंट से मर्यादा लांघ कर अपशब्दों का उपयोग शोभा नहीं देता। इस पोस्ट के स्क्रीनशॉट्स अब व्हाट्सएप ग्रुपों में भी तेजी से वायरल हो रहे हैं। हमारे संवाददाता ने मंज़र से बात करना चाही परन्तु उनसे संपर्क नहीं हो सका है। एक शायर का काम शायरी के माध्यम से समाज को सही रास्ता दिखाना और सरकार को आइना दिखाना होता है ना कि अपशब्दों का प्रयोग कर लोगों के बीच द्वेष पैदा करना और समाज में एक ग़लत वातावरण उत्पन्न करना।
