वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर-खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के विकासखंड निघासन की ग्राम पंचायत दौलतापुर का पंचायत भवन अपनी ही दुर्दशा पर आंसू बहाता नजर आ रहा है। जिस भवन में कभी मीटिंग आदि हुआ करती थी उसमें आज जानवरों का बसेरा बना दिया गया है और साथ बाउंड्री को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार दौलतापुर के कुछ दबंगों ने गांव के पंचायत भवन पर अवैध कब्जा कर लिया है।इसकी सूचना कई बार ग्राम प्रधान से लेकर संबंधित अधिकारियों को दी गयी लेकिन किसी के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है, इससे जिम्मेदारों की लापरवाही साफ नजर आ रही है। पंचायत भवन में जानवरों का अड्डा बना देने से काफी गंदगी हो रही है जिससे बीमारियां भी बढ़ती जा रही हैं मगर फिर भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। यदि स्थिति ऐसी ही रही तो कुछ दिनों में खुद ही दौलतापुर पंचायत भवन का नाम बदलकर जानवरों का भवन हो जाएगा।
बताते चलें कि दौलतापुर ग्राम पंचायत के कुछ ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर पंचायत भवन को कब्जा मुक्त व स्वच्छ करवाने की मांग की है।
एक जिम्मेदार अधिकारी ने कहा है कि यदि ग्रामीणों द्वारा जबरन पंचायत भवन पर कब्जा किया गया है तो शीघ्र ही कब्जा छुड़वा कर पंचायत भवन को स्वच्छ बनवाया जाएगा।
