संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत संचालित पंजीयन एवं सत्यापन केन्द्रों की कार्यवाही का जायजा लेने कलेक्टर श्री भरत यादव शनिवार को दूरस्थ ग्रामों में पहुंचे। उन्होंने मुरार विकास खण्ड के ग्राम बेहट के पंजीयन केन्द्र सहित अन्य केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस अवसर श्री यादव ने निर्देश दिए कि यदि किसी केन्द्र पर इंटरनेट की दिक्कत हो तो नज़दीकी दूसरे स्थान से किसानों के फॉर्म की एण्ट्री जारी रखें। उन्होंने साफ किया कि जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत सभी कार्यवाही हर हाल में निर्धारित कैलेंडर के अनुसार पूर्ण की जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। श्री यादव ने बेहट से लौटने के बाद मुरार के सहकारी बैंक में संचालित केन्द्र का भी निरीक्षण किया। पंजीयन केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से रू-ब-रू होकर उनकी कठिनाइयां व समस्याएँ सुनीं। कलेक्टर ने कहा कि हर पात्र किसान को फसल ऋण माफी योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
