हाशिम अंसारी, ब्यूरो चीफ सीतापुर (यूपी), NIT:

खसरा-रूबेला जैसे जानलेवा बीमारी से निपटने के लिए सरकार सभी बच्चों को मुफ्त में वैक्सीन दे रही है जिससे वाइरस के दुष्परिणाम से बचा जा सके। बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर केंद्र सरकार ने खसरा और रूबेला जैसी गंभीर बीमारी के लिए महाअभियान की शुरुआत की है। पोलियो मुक्त भारत की तरह भारत सरकार अब खसरा मुक्त भारत के लक्ष्य पर काम कर रही है। 2020 तक भारत को खसरा मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी उद्देश्य से भारत मॉडर्न स्कूल लहरपुर में खसरा रूबेला टीकाकरण अभियान के अंतर्गत टीकाकरण कैम्प लगाया गया जिसमें 350 बच्चों को खसरा रूबेला का टीकाकरण किया गया। संस्था प्रबंधक अफसर हुसैन अय्यूबी ने बच्चों को टीकाकरण के बारे में अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि किसी बीमारी के विरुद्ध प्रतिरोधात्मक क्षमता विकसित करने के लिये जो दवा खिलाई /पिलाई या किसी अन्य रूप में दी जाती है उसे टीका कहते हैं तथा यह क्रिया टीकाकरण कहलाती है। संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिये टीकाकरण सर्वाधिक प्रभावी एवं सबसे सस्ती विधि मानी जाती है।
