अबरार अहमद खान, स्टेट ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश विधानसभा के 230 सीटों के लिए हुए मतदान में कुल 74.6 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। प्रदेश में हुई बंपर वोटिंग ने सभी को चौंका दिया है। बंपर वोटिंग से जहां कांग्रेस ने राहत की सांस ली है वहीं बीजेपी खेमे में खलबली मच गई है।
मध्य प्रदेश के 230 विधानसभा सीटों के लिए हुए मतदान में लगभग 74.61 फीसदी वोटिंग हुई। यह जानकारी वीएल कांताराव मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आज बुधवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी है। कांताराव ने बताया कि शाम 6 बजे के बाद भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के 250 पूलिंग बूथ पर वोटिंग जारी थी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि फाइनल वोटिंग 76 प्रतिशत से कुछ ज्यादा होने की उम्मीद है। पिछले विधानसभा चुनाव में वोटिंग परसेंट 72.18 था।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दावा किया है कि एक-दो छुटपुट घटनाओं को छोड़कर पूरे प्रदेश में चुनाव शांतिपूर्ण रहा। बूथ कैंपचरिंग की कोई घटना कहीं पर नहीं हुई है। चुनाव आयोग प्रदेश में कहीं पर भी रीपोलिंग नहीं कराएगा।
वोटिंग मशीन खराब होने के बारे में मीडिया द्वारा पूछे गये सवाल के जवाब में कांताराव ने कहा कि पूरे प्रदेश में ईवीएम की 845, सेंट्रल यूनिट की 881 और वीवीपेट की 2126 मशीनें बदली गईं हैं। प्रदेश भर में लगाई गई मशीनों की यह 3 फीसदी से भी कम है। राजधानी भोपाल में 53 बैलेट यूनिट्स, 43 सेंट्रल यूनिट और 74 वीवीपेट मशीनें खराब होने की वजह से बदली गईं।
प्रदेश में सबसे पहले बालाघाट जिले के 3 नक्सली प्रभावित विधानसभा सीटों में शाम 3 बजे वोटिंग खत्म हुई। इनमें बहिय्यर विधानसभा में 78.05 फीसदी, लांझी में 79.0 प्रतिशत और परसवाड़ा में 80.05 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
