मसूद उर रहमान, लखनऊ (यूपी), NIT:

अगर आदमी के हौसले बुलंद हों तो फिर कुछ भी असंभव नहीं है कुछ ऐसा ही कारनामा लखनऊ के एक पुलिस कांस्टेबल ने कर दिखाया है जो इन दिनों पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। राजधानी लखनऊ के विभूति खण्ड थाने में तैनात सिपाही जनार्दन सिंह अपने आईपीएस बेटे अनूप सिंह के मातहत बनकर काम कर रहे हैं। पिछले दिनों उन्नाव से लखनऊ आए आईपीएस अनूप सिंह को लखनऊ उत्तरी का चार्ज दिया गया है और इसी क्षेत्र के विभूति खण्ड थाना में पिता जनार्दन सिंह दीवान हैं। लोगों का कहना है कि जबसे इस बात की जानकारी अन्य पुलिस कर्मियों को हुई है तब से सभी सिपाही व अन्य पुलिसकर्मी भी एएसपी के दीवान पिता से बड़े ही सभ्यता और मर्यादा में बात करते हैं।
बेटे के मातहत के रूप में काम करना कितना सहज होगा इस पर जनार्दन सिंह गर्व से कहते हैं कि वह ऑन ड्यूटी अपने कप्तान को सैल्यूट करेंगे आइपीएस अनूप सिंह भी कुछ इसी भाव से कहते हैं कि वह घर पर पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लेंगे लेकिन फर्ज निभाने के दौरान प्रोटोकाल का पालन करेंगे।
