मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
शाहजहांपुर के थाना निगोही पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण करने वाले अभियुक्त संतोष को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पंचायत चुनाव को लेकर अवैध असला बनाकर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
वरिष्ठ उप निरीक्षक अमित कुमार, उप निरीक्षक पंकज कुमार और उप निरीक्षक श्रीपाल सिंह ने पुलिस टीम के साथ थाना निगोही क्षेत्र के ग्राम मालकिया के बाहर कच्चे रास्ते पर स्थित एक खंडहर मकान से संतोष पुत्र रामलाल (उम्र 42 वर्ष), निवासी ग्राम भटपुरा मिश्र, थाना निगोही, जिला शाहजहांपुर को तमंचा बनाते हुए गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से 3 अवैध तमंचे, कारतूस, खोखे और तमंचा बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
अभियुक्त संतोष ने पूछताछ में बताया कि वह आगामी पंचायत चुनाव में तमंचे बनाकर बेचने की तैयारी कर रहा था। उसने बताया कि वह अपने दो भाइयों सोनू उर्फ सोमपाल और सुखपाल के साथ मिलकर अवैध तमंचे बनाता है। सुखपाल जनपद संभल और मुरादाबाद में अवैध शस्त्रों की सप्लाई करता है।
सीओ सदर पंकज जैन ने बताया कि थाना निगोही पुलिस ने एक अभियुक्त को अवैध तमंचा, कारतूस और अवैध शस्त्र फैक्ट्री के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त संतोष को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अन्य दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

