इरफान खान, अलीराजपुर (मप्र), NIT;
6 अगस्त 2018 को समय सीमा बैठक लेते हुए कलेक्टर श्री गणेश शंकर मिश्रा ने विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीएमएचओ डाॅ. प्रकाश ढोके को जिले के समस्त प्रसव केन्द्रों की उचित व्यवस्था, साफ-सफाई, और बेहतर प्रसव केन्द्र के रूप मेें जिले के समस्त केन्द्रों को स्थापित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक आंगनवाडी एवं शासकीय उचित मूल्य दुकान पर अस्थायी शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। बैठक में समस्त विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण 2018 के तहत प्रत्येक पंचायत के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किये गए है वे अपने अपने प्रभारी की पंचायतों में पहुंचकर स्वच्छता और समुदाय जनजागरण के कार्य में विशेष प्रयास करेंगे। बैठक में संबल योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। समस्त जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि संबल योजना के तहत पंजीकृत व्यक्तियों की सत्यापन कार्य भी किया जाए। इसके लिए निगरानी समिति को सक्रिय कर उनकी भी सहभागिता कराई जाए। विश्व आदिवासी दिवस के तहत जिले में आयोजित होने वाला कार्यक्रम पूरी गरिमामय ढंग से हो और जिले की लोक सांस्कृतिक झलक आयोजन में दिखाई दे। जिले में जनजातीय वर्ग के ऐसे समाजजन महिला, पुरूष और बुजुर्ग जिन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया है उन्हें सम्मानित किया जाए।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। इस अवसर पर समस्त विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए गए कि जो भी विभाग प्रमुख जिस भी अधिकारी-कर्मचारी को समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित करने हेतु नाम प्रस्तावित करेंगे वे उक्त व्यक्ति का उल्लेखनीय कार्य का वितरण समिति के समक्ष 10 अगस्त 2018 तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। बैठक में सीएमएचओ डा. ढोके को निर्देश दिए कि समस्त बीएमओ को लेकर भिंड जिले में आदर्श डिलीवरी पाइंटों और अस्पताल का अवलोकन कर उसी तर्ज पर व्यवस्थाएं जिले में संपादित कराए। जिले में गर्भवती महिलाओं और प्रसव की स्थिति के डाटा की टेªकिंग किये जाने को लेकर विशेष प्रयास के निर्देश दिए। आईसीडीएस डीपीएम, समस्त सीडीपीओ अपने अपने कार्यालय में कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा कर बच्चों की नियमित माॅनिटरिंग करें। बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एमएल त्यागी, अपर कलेक्टर श्री सुरेश चन्द्र वर्मा, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख उपस्थित थे।
