नशेड़ियों ने की शिव मंदिर में तोड़फोड़, एसडीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश | New India Times

संदीप शुक्ला, ग्वालियर ( मप्र ), NIT; ​नशेड़ियों ने की शिव मंदिर में तोड़फोड़, एसडीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश | New India Timesग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के चार शहर का नाका में विगत रात लगभग 90 साल पुराने शिव-पार्वती मंदिर (दाने वाले बाबा का मदिर) में कुछ असामाजिक तत्वों ने मूर्तियों को तोड़कर खंडित कर दिया। बुधवार को सुबह आसपास के लोग जब पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में पहुंचे तो मूर्तियां टूटी देखकर आक्रोशित हो गए। मंदिर में मूर्तियों की तोड़फोड़ की बात क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मंदिर पर लोगों का तांता लग गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मुरार एसडीएम गणेश जायसवाल और महाराजपुरा थाना प्रभारी पहुंच गए। इस दौरान लोगों का रोष भड़क गया और वे किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। एसडीएम गणेश जयसवाल के समझाने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस के अनुसार मंदिर के आसपास नशेड़ी मंडराते रहते हैं। संभवत: यह हरकत इन्हीं लोगों ने की है। एसडीएम ने आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन देने के साथ ही मंदिर के चारों ओर दीवार बनाने के निर्देश भी दिए हैं।

मुरार एसडीएम गणेश जयसवाल को स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर चारों तरफ से खुला हुआ है। सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। इस कारण आसपास संदेही और नशेड़ी लोग मंदिर के अंदर प्रवेश कर जाते हैं। एसडीएम ने मौके पर ही मंदिर के चारों तरफ दीवार निर्माण कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने इस मामले की पूरी जांच का भरोसा देकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं एसडीएम गणेश जायसवाल ने भी पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। लोग फिर से आक्रोशित न हों। इसके लिए प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल तैनात कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार चार शहर का नाका में दाने वाले बाबा के नाम से शिव मंदिर है। चूंकि मंदिर काफी पुराना है। इस कारण मंदिर में दो माह से निर्माण कार्य आसपास के लोगों के सहयोग से कराया जा रहा है। मंगलवार को सुबह-शाम लोगों ने पूजा की थी। तब तक मूर्तियां सलामत थीं। इसके बाद बुधवार को सुबह जब लोगों ने देखा तो शिव-पार्वती की मूर्तियां किसी ने तोड़ दी थीं। इसके बाद हंगामा मचना शुरू हो गया। इसके चलते तुरंत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मंदिर पर पहुंच गए।

मिली जानकारी के अनुसार महाराजपुरा क्षेत्र में एक वर्ष पहले भी नाला के पास स्थित माता के मंदिर में नशेड़ियों ने मंदिर को नुकसान पहुंचाकर दानपेटी को चुरा लिया था। पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की थी। इस मामले में पुलिस का कहना है कि यह नशेड़ियों का ही काम है। पुलिस ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में नशा करने वाले लोगों को पकड़ा जाएगा। पुलिस का कहना है कि शिव मंदिर में असामाजिक तत्वों ने मूर्तियां खंडित कर दी हैं। हमने आक्रोशित लोगों को समझाया है। वहीं मंदिर में दीवार निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article