जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:
पत्रकारिता जगत में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में ‘प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट’ ने एक बड़ा कदम उठाया है। संगठन ने वरिष्ठ और जुझारू पत्रकार अनुज नामदेव को मीडिया विभाग का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी इस नियुक्ति से मीडिया जगत और साथी पत्रकारों में उत्साह का माहौल है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सौंपा नियुक्ति पत्र
राजधानी भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद खालिद कैस ने अनुज नामदेव को विधिवत नियुक्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी सौंपी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि अनुज नामदेव के नेतृत्व में मीडिया विभाग प्रदेश भर में पत्रकारों के हितों की रक्षा और संगठन के विस्तार में नई ऊर्जा के साथ काम करेगा।
न्यू इंडिया टाइम्स परिवार ने जताई खुशी
इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर न्यू इंडिया टाइम्स (NIT) के भोपाल जिला ब्यूरो चीफ जमशेद आलम ने अनुज नामदेव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
जमशेद आलम ने कहा कि अनुज नामदेव एक निष्पक्ष, सजग और जमीनी पत्रकार हैं। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने से पत्रकारों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के सामने और अधिक प्रखरता व मजबूती से उठाया जा सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका कार्यकाल पत्रकार बिरादरी के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।
अनुज नामदेव के मनोनयन पर न्यू इंडिया टाइम्स परिवार सहित राजधानी भोपाल एवं प्रदेश भर के विभिन्न पत्रकार संगठनों, समाजसेवियों और मीडिया कर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।

