एमडी ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़, 27 लाख रुपये की केमिकल पाउडर जब्त; देश के अलग-अलग राज्यों से 25 आरोपी गिरफ्तार | New India Times

साबिर खान, वसई-विरार/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-4 ने एमडी ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पाशमैलाराम, पटनचेरू क्षेत्र में संचालित केमिकल पाउडर बनाने की फैक्ट्री को ध्वस्त कर वहां से 27 लाख 6 हजार 740 रुपये कीमत का 44.699 किलोग्राम रासायनिक पाउडर, एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य केमिकल और प्रयोगशाला का सामान जब्त किया है। इस मामले में अब तक कुल 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 की रात करीब 8:40 बजे नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर स्थित मानवेल पाड़ा रोड पर प्रिया वॉशिंग सेंटर के पास बाबा पार्किंग परिसर में कार्रवाई के दौरान अविनाश उर्फ सोनू लोकनाथ अय्यर (22) और रविकांत ओमप्रकाश राम (23), दोनों निवासी प्रगति नगर, नालासोपारा पूर्व, को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से बिक्री के लिए रखा गया 112 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुआ था, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 36 हजार रुपये बताई गई। इस संबंध में तुलिंज पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 473/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 238 के अंतर्गत 25 जून 2026 को मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-4 ने गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने गुजरात के कच्छ जिले के अबडासा तहसील के सांधाण गांव में एमडी ड्रग्स बनाने की अवैध फैक्ट्री का पता लगाकर उसे ध्वस्त किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा तहसील अंतर्गत कोसड़ा कला, मांडा क्षेत्र में भी एमडी ड्रग्स बनाने की एक अन्य अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया।
इन कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने कुल 69 किलो 871 ग्राम एमडी ड्रग्स, नकदी, एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले 260 लीटर केमिकल और प्रयोगशाला से संबंधित सामग्री जब्त की थी। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ एमडी ड्रग्स के निर्माण, केमिकल की आपूर्ति, अवैध पदार्थों की तस्करी और आर्थिक लेन-देन में शामिल थे। जांच के दौरान एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत नियंत्रित रासायनिक पदार्थ 2-Bromo-4-Methylpropiophenone की आपूर्ति और उससे एमडी ड्रग्स तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई।

पुलिस ने 21 अक्टूबर 2026 को तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पाशमैलाराम, पटनचेरू क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी रमेश बाबू साके, निवासी मेडचल मल्काजगिरी, हैदराबाद, को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी वहां 2-Bromo-4-Methylpropiophenone नामक रासायनिक पाउडर तैयार करने वाली अवैध फैक्ट्री चला रहा था। फैक्ट्री को ध्वस्त कर वहां से 44.699 किलोग्राम रासायनिक पाउडर, जिसकी कीमत 27,06,740 रुपये बताई गई है, सहित अन्य केमिकल और प्रयोगशाला का सामान जब्त किया गया।
इस कार्रवाई में साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय के पटनचेरू पुलिसकर्मियों का भी सहयोग लिया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक नालासोपारा, मुंबई, कल्याण, नेरुल, जलगांव तथा गुजरात, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना सहित विभिन्न क्षेत्रों से कुल 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अवैध एमडी ड्रग्स निर्माण और आपूर्ति के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंत्रे, पुलिस उपायुक्त संदीप डोईफोडे तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन पाटिल के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-4 की टीम ने की। अभियान में प्रभारी पुलिस निरीक्षक प्रमोद बडाख, सहायक पुलिस निरीक्षक प्रवीण भोसले, दत्तात्रेय सरक, उपनिरीक्षक उमेश भागवत तथा पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध निर्माण, तस्करी और आपूर्ति में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.