तेज़ रफ्तार डंपर ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार, पत्नी, बहन और दो वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

तेज़ रफ्तार डंपर ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार, पत्नी, बहन और दो वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल | New India Times

थाना मितौली क्षेत्र के शिवाला तिराहे के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज़ रफ्तार मौरंग लदे डंपर ने बाइक को ज़ोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं और दो वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, नीमगांव थाना क्षेत्र के बेहजम ब्लॉक अंतर्गत ओदराहिया गांव निवासी अरविंद (30) सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे अपनी पत्नी मोहिनी (24), दो वर्षीय बेटे अभ्यांश और बहन खुशबू (20) को बाइक पर बैठाकर सीतापुर जनपद के महोली थाना क्षेत्र स्थित मूड़ा गांव में अपनी दूसरी बहन से मिलने जा रहे थे। परिवार के सभी सदस्य हंसी-खुशी घर से निकले थे, लेकिन करीब 15 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद मितौली क्षेत्र के शिवाला तिराहे के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कस्ता की ओर से आ रहे तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहिनी, खुशबू और मासूम अभ्यांश डंपर के पहियों की चपेट में आ गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरविंद के दोनों पैर टूट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मितौली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायल अरविंद को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पत्नी, मासूम बेटे और बहन को खोने के गम में अरविंद के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों की चीख-पुकार से घटनास्थल का माहौल गमगीन हो गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे की खबर फैलते ही ओदराहिया गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।

घटनास्थल पर पहुंचे एआरटीओ शांतिभूषण पांडे ने भी दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की जानकारी ली। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.