अहमद रज़ा, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:
चुनार तहसील के जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जेके स्टेट हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डोहरी गांव के पास सिकंदरपुर-चकिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां, बेटे और भांजी की मौत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम बच्ची उछलकर सड़क किनारे करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों में जा गिरी। वहीं, ट्रक का पहिया बेटे के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल मां को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जीवनाथपुर-कंचनपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले जाम के बाद अधिकारियों द्वारा मुआवजा और अन्य सहायता दिलाने का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद से फरार है।

