राकेश यादव, ब्यूरो चीफ़, सागर (मप्र), NIT:
सागर जिले के रहली जनपद क्षेत्र से एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां ग्राम पंचायत बेरखेरी कलां में कोपरा नदी पर बने क्षतिग्रस्त पुल से गुजरना स्कूली छात्र-छात्राओं की मजबूरी बन गया है। बारिश के बीच छात्र-छात्राएं अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल पहुंच रहे हैं। छात्राओं का ग्रामीणों के सहारे तेज बहाव के बीच नदी पार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, रहली जनपद के गढ़ाकोटा नगर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत बेरखेरी कलां में कोपरा नदी पर बना पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। इसके कारण स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नदी के तेज बहाव के बीच छात्राएं ग्रामीणों के सहारे एक-एक कर क्षतिग्रस्त पुल पार कर रही हैं। यहां जरा-सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

यह मार्ग बेरखेरी कलां और चेनपुरा गांव के विद्यार्थियों के लिए स्कूल पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से खतरा और भी बढ़ जाता है। हालांकि गांव तक पहुंचने के लिए करीब तीन किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग मौजूद है, लेकिन अधिकांश ग्रामीण और विद्यार्थी इसी पुल से आवागमन करने को मजबूर हैं।
क्षतिग्रस्त पुल के पास 9 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से नए उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन बारिश के कारण निर्माण एजेंसी ने फिलहाल काम रोक रखा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के बावजूद ठेकेदार ने न तो कोई वैकल्पिक मार्ग बनाया और न ही पुराने पुल की मरम्मत कराई।
ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्यार्थियों और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए बारिश के मौसम में क्षतिग्रस्त पुल की तत्काल मरम्मत कराई जाए या सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

