वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

जिले में अवैध डग्गामार बसों और टैक्सियों के संचालन के विरोध में मंगलवार को अनुबंधित बस चालकों ने चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता विफल रहने के बाद लखीमपुर डिपो की अनुबंधित बसों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया। इसके चलते सीतापुर, लखनऊ सहित अन्य मार्गों पर यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
राजस्व का नुकसान और उत्पीड़न का आरोप
अनुबंधित बस यूनियन के जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले में अवैध बसों और डग्गामार टैक्सियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे न केवल रोडवेज के राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि अनुबंधित बस संचालकों को भी पर्याप्त सवारियां नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा, “सवारियां न मिलने से हमें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अवैध वाहनों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में बसों का संचालन करना मुश्किल हो गया है।”
यूनियन के संरक्षक प्रेम प्रकाश बाजपेई ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि एक ओर डग्गामार वाहनों के कारण बस संचालकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस अनुबंधित बसों के कथित रूप से अनुचित चालान कर रही है। इसी दोहरी परेशानी से तंग आकर सभी अनुबंधित बस चालकों ने बसों का संचालन बंद करने का निर्णय लिया।
वहीं, परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध वाहनों के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि यदि इसके बावजूद अवैध वाहन संचालित पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

