महिला पुलिसकर्मियों की पार्किंग से बाधित हुआ रास्ता, विरोध करने पर धमकाने का आरोप | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

शहर के राजाजी पुरम (अनुपम नर्सिंग होम वाली गली) निवासी एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस चौकी राजापुर, थाना कोतवाली सदर में शिकायती पत्र देकर पड़ोसी के मकान में किराये पर रह रही महिला पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उनके द्वारा की जा रही अव्यवस्थित पार्किंग से पूरे मोहल्ले के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पीड़ित सेवक लाल ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके बगल में स्थित मिथिलेश सिंह के मकान में कुछ महिला पुलिसकर्मी किराये पर रहती हैं। आरोप है कि ये महिला पुलिसकर्मी तथा उनके साथ आने वाले अन्य पुलिसकर्मी अपनी गाड़ियों को सड़क पर आड़ा-तिरछा खड़ा कर देते हैं, जिससे गली का रास्ता बाधित हो जाता है और स्थानीय लोगों को आने-जाने में कठिनाई होती है।

शिकायत पत्र के अनुसार, जब मोहल्ले के लोगों ने गाड़ियों को व्यवस्थित ढंग से पार्क करने का अनुरोध किया तो वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मी दिव्या तथा अन्य लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें पुलिस पद का भय दिखाकर डराया-धमकाया गया, अभद्र व्यवहार किया गया तथा कहीं और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।

पीड़ित सेवक लाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी प्रभारी राजापुर से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध आवश्यक एवं सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.