राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गहोई वैश्य समाज द्वारा भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ निकाली गई। रथयात्रा के दर्शन के लिए नगर की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
रथयात्रा कटकया धाम से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मानस भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, नृत्य और जयघोष के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त की। महिलाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
भगवान जगन्नाथ स्वामी का रथ श्रद्धालुओं ने रस्सियों से खींचकर नगर भ्रमण कराया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भगवान का पूजन-अर्चन किया गया। पंडित लखन शास्त्री ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
रथयात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अलकेश जैन सहित गहोई वैश्य समाज के बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

