मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
74वीं अंतरजनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 (बरेली रेंज) का भव्य समापन बुधवार को जी.एफ. कॉलेज ग्राउंड में हुआ। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में बरेली ने शाहजहाँपुर को पेनल्टी शूटआउट में 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि महिला वर्ग में शाहजहाँपुर ने बरेली को 2-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली रेंज अजय कुमार साहनी, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) देवेंद्र कुमार, जनपद के राजपत्रित अधिकारी, विभिन्न जिलों से आए पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के महत्व पर प्रकाश डाला।
पुरुष वर्ग के फाइनल में निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने 1-1 गोल किए। इसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में बरेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत दर्ज की। वहीं महिला वर्ग का मुकाबला भी निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर रहा। इसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में शाहजहाँपुर ने 2-1 से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में रामपुर के नरेंद्र सिंह को प्रतियोगिता में सर्वाधिक छह गोल करने पर ‘सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर’ चुना गया। महिला वर्ग में शाहजहाँपुर की सुधा रावत को दो गोल करने के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर’ का सम्मान प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

