तिलहर में रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

तिलहर थाना पुलिस ने घर में घुसकर कथित तौर पर अवैध असलहा दिखाकर रुपये मांगने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 15 अक्टूबर को बिरिया बाबा धार्मिक स्थल के पीछे मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, तिलहर कस्बे के निजामगंज निवासी राजेश कुमार शर्मा ने 30 सितंबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने एकराय होकर उनके घर में घुसकर अवैध असलहा दिखाते हुए दो हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर तिलहर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने मामले में वांछित अभिषेक सिंह पुत्र सत्यभान निवासी अम्बेडकर मौजमपुर गौटिया, मनोज कुमार पुत्र रक्षपाल और संतोष पुत्र रक्षपाल, दोनों निवासी मोहल्ला बारह पत्थर, तिलहर को गिरफ्तार किया।

कई मुकदमों में भी आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभिषेक सिंह, मनोज कुमार और संतोष के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक प्रभाषचन्द्र के नेतृत्व में चलाया गया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.