राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र) NIT:
देवरी विधानसभा क्षेत्र में किसानों को खाद की भारी किल्लत, बिजली, पेयजल, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर गुरुवार को पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केसली ने संगठनात्मक बैठक आयोजित कर विरोध-प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत केसली के मंगल भवन में आयोजित संगठनात्मक बैठक से हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी जनआंदोलनों की रूपरेखा, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार तथा किसानों, युवाओं, महिलाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि प्रदेश का किसान आज खाद के लिए परेशान है। समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है। वहीं अघोषित बिजली कटौती, पेयजल संकट, बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार के कारण आमजन का जीवन कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी।
बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केसली मुख्यालय में प्रदर्शन किया और महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम केसली को सौंपा।
ज्ञापन में देवरी विधानसभा क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने, अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, विद्युत विभाग की लापरवाही की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने, खराब एवं जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने, पेयजल संकट का स्थायी समाधान करने तथा केसली विकासखंड में विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कर भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
इसके अलावा ज्ञापन में केसली जनपद मुख्यालय में पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार, करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की जांच, अयोध्या श्रीराम मंदिर चंदा/चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के अनुरूप पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम कम करने तथा उज्जैन में सामने आए कथित भूमि घोटाले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी शामिल रही।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि केसली जनपद पंचायत के नए भवन निर्माण के दौरान वर्षों पुराने हरे-भरे वृक्षों की कटाई पर रोक लगाई जाए तथा पर्यावरण संरक्षण संबंधी नियमों एवं एनजीटी के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है। किसानों, युवाओं, मजदूरों, महिलाओं और आमजन से जुड़े हर मुद्दे पर कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई और जनहित की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस व्यापक एवं चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

