मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत दातलावादी में आवारा श्वानों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार, 1 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे वार्ड क्रमांक-8 में एक आक्रामक आवारा श्वान ने अचानक तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
अचानक हुए हमले से फैली दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दातलावादी के वार्ड क्रमांक-8 की है। आवारा श्वान ने अचानक एक के बाद एक तीन लोगों को अपना निशाना बनाया, जिससे वे घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और रहवासियों में दहशत का माहौल है।
अस्पताल में उपचार जारी
घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय नागरिकों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया और चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है।
ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा श्वानों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन समय रहते इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला एवं स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि आक्रामक श्वान को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में आवारा श्वानों की बढ़ती समस्या के स्थायी समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

