मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

विदर्भ क्षेत्र के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में सोमवार से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। इसी क्रम में यवतमाल के गोधनी रोड स्थित एक सरकारी स्कूल में प्रथम दिवस पर विशेष स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसने विद्यार्थियों के लिए दिन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी विकास मीना स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का गुलाब का फूल भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। जिलाधिकारी के हाथों स्वागत पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। इस दौरान अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों को शासन की ओर से निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की गईं। साथ ही विद्यालय के पूर्व छात्र और वर्तमान में अमेरिका में रह रहे जाफर जिवानी द्वारा भेजी गई यूनिफॉर्म भी कई विद्यार्थियों को प्रदान की गई।
कार्यक्रम में वर्ष 1975 बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने भी सराहनीय योगदान देते हुए कक्षा 12वीं (कॉमर्स, साइंस एवं उर्दू) के तीन मेधावी छात्रों को 15-15 हजार रुपये तथा कक्षा 10वीं (उर्दू एवं मराठी विभाग) के दो मेधावी विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की।
इस मौके पर माध्यमिक शिक्षा अधिकारी किशोर पागोरे, उपशिक्षणाधिकारी नीता गावंडे, शिक्षा विस्तार अधिकारी मिलिंद कांबळे, मुख्याध्यापक साहेबराव पवार, पूर्व छात्र अरुण सरागे तथा सेवानिवृत्त शिक्षक राजेंद्र जोगमोडे सहित कई शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।
खेल मैदान के विकास के लिए मिलेगा निधि
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी विकास मीना ने विद्यार्थियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विद्यालय के खेल मैदान के विकास के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने जिला परिषद शिक्षा विभाग को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बताया कि विद्यालय के समीप जल्द ही एक क्रीड़ा प्रबोधिनी (स्पोर्ट्स अकादमी) शुरू की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।

