मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

स्थानीय वार्ड नंबर 7 स्थित शिव मंदिर के समीप मुख्य चौराहे पर इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यहां दिन में कई बार जाम की स्थिति बन रही है, जिससे कभी भी गंभीर सड़क दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को इस अव्यवस्था के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौराहे पर जाम लगने का मुख्य कारण सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े किए जाने वाले निजी वाहन हैं। लोग अपने घरों और दुकानों के सामने मुख्य सड़क पर ही दोपहिया और चौपहिया वाहन पार्क कर देते हैं। सड़क पहले से ही संकरी है, ऐसे में अवैध पार्किंग के कारण आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती।
व्यस्त समय में वाहनों की संख्या बढ़ने पर यहां लंबा जाम लग जाता है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि सड़क पर खड़े वाहनों के कारण चौराहे पर दृश्यता भी प्रभावित होती है और रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
वार्डवासियों और राहगीरों ने प्रशासन तथा संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क पर अवैध रूप से खड़े निजी वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए। साथ ही चौराहे पर प्रभावी यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

