मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने एमएनजे जलालनगर में निर्माणाधीन सीसी रोड और इमली चौराहे से कचहरी तक सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान जलालनगर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता खराब मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के अभियंता को कड़ी फटकार लगाई और निर्माण कार्य में मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सड़क की लंबाई, चौड़ाई और मजबूती (स्ट्रेंथ) की तकनीकी जांच कराई जाए। जांच में किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा इमली चौराहे से कचहरी तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ को ऊंचा कराने के निर्देश दिए। वहीं, कचहरी तिराहे से ओवरब्रिज तक जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नाली निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।

