अहमद रज़ा खान, लालगंज/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

लालगंज क्षेत्र के बस्तरा मोड़ के पास नेशनल हाईवे-135 के ओवरब्रिज का एक हिस्सा टूटने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इस ओवरब्रिज का निर्माण दिलीप बिल्डकॉन कंपनी ने कराया था। हाईवे बनने के बाद से ही लगातार मरम्मत कार्य कराए जाने की बात सामने आ रही है।
स्थानीय स्तर पर हाईवे के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि हाईवे का 50 किलोमीटर से अधिक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है और जगह-जगह मरम्मत की जरूरत पड़ रही है। बस्तरा मोड़ के पास ओवरब्रिज का हिस्सा टूटने की घटना ने एक बार फिर निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और निर्माण कंपनी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं तथा पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की जांच कराकर जिम्मेदारी तय की जाती है या नहीं।

