मड़िहान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 1.25 करोड़ रुपये कीमत का 198 किलो गांजा बरामद; अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार | New India Times

हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर (यूपी), NIT:

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराध की रोकथाम, अपराधियों की धरपकड़ तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मड़िहान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है।

19 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना मड़िहान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बेला मंदिर, ग्राम दांती के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान अशोक लेलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में लदे कोयले के बीच छिपाकर रखी गई छह बोरियों से कुल 198 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक एवं आरोपी मोहम्मद शाकिर बक्स पुत्र महबूब आलम, निवासी 330 न्यू आनंद नगर, पंप हाउस कुंडम रोड, थाना अधारताल, जनपद जबलपुर, मध्य प्रदेश, उम्र करीब 45 वर्ष, को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा के रायगढ़ा से ट्रक में लदे कोयले के बीच गांजा छिपाकर ला रहा था। गांजा प्रयागराज और वाराणसी में बताए गए व्यक्तियों तक पहुंचाना था, जहां से मांग के अनुसार इसकी सप्लाई की जाती थी। आरोपी के अनुसार, गांजा पहुंचाने के एवज में उसे प्रत्येक चक्कर के लिए एक लाख रुपये मिलते थे।

पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये है। गांजा तस्करी में प्रयुक्त अशोक लेलैंड ट्रक संख्या MP28H4005 को भी सीज कर दिया गया है।

इस संबंध में थाना मड़िहान में मु.अ.सं. 228/2026, धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है।

बरामदगी:

  • 198 किलोग्राम अवैध गांजा
  • गांजा परिवहन में प्रयुक्त अशोक लेलैंड ट्रक संख्या MP28H4005

गिरफ्तारी का स्थान व समय:
बेला मंदिर, ग्राम दांती के पास, 19 सितंबर 2026 को दोपहर 12:15 बजे।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम:
निरीक्षक रवीन्द्र भूषण मौर्य, प्रभारी निरीक्षक मड़िहान मय पुलिस टीम।
उप-निरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज मय पुलिस टीम।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.