ओम प्रकाश सोनी, ब्यूरो चीफ, अनूपपुर (मप्र), NIT:

थाना बिजुरी पुलिस ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयले से भरा एक वाहन जब्त कर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक मती-उर-रहमान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम और एसडीओपी कोतमा नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन क्रमांक CG04T 4439 को रोककर जांच की, जिसमें 32 बोरी कोयला पाया गया। चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने वाहन समेत कोयला मौके पर ही जब्त कर लिया।
जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।
इस मामले में खूबलाल कोल (19) निवासी वार्ड क्रमांक 11 बिजुरी, जो वाहन चालक है, तथा याकूब (36) निवासी वार्ड क्रमांक 11 बिजुरी, जो वाहन मालिक है, के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह, सहायक उपनिरीक्षक बृजेश पांडे, आरक्षक विश्वजीत मिश्रा, अभिषेक शर्मा तथा चालक आरक्षक कर्मजीत सिंह की अहम भूमिका रही।

