शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT;

ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ की गोरखपुर इकाई ने जनपद हाथरस में पत्रकार वेद प्रकाश शर्मा की संदिग्ध मृत्यु/हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी गोरखपुर के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि 7 अप्रैल 2026 को हाथरस के थाना सहपऊ क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित एक नाले से स्थानीय पत्रकार वेद प्रकाश शर्मा (लाइट ऑफ इंडिया चैनल/HBN न्यूज़) का शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत होता है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि वेद प्रकाश शर्मा ने पूर्व में अपनी जान को खतरा बताते हुए कई बार पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस लापरवाही ने पत्रकारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक पर पिछले कुछ दिनों से मकान बिक्री को लेकर दबाव बनाया जा रहा था, जिसे घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। इस मामले में कमल शर्मा और गौरव शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 101(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
संघ ने मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों को कड़ी सजा दी जाए तथा मृतक के परिजनों को सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पत्रकारों की सुरक्षा हेतु विशेष दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें अमित ओझा, के.के. श्रीवास्तव, शक्ति शंकर सिंह, अमित भारती, रामानंद कुमार, दबीर आलम, अहमद अजीज फ्रेजर, सद्दाम, मोहम्मद शाकिब, रहमत अली, शत्रुधन शर्मा, मोहम्मद नसीम, राम अवतार, पंचानंद पांडेय, आबिद अली, इम्तियाज अंसारी, सुमित चौधरी और सरफराज आलम शामिल रहे।

