पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:
नवरात्रि पर्व के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धार पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों के पालन में चलाए गए इस अभियान के दौरान धार पुलिस की विशेष टीम ने स्पोर्ट्स बाइक और बुलेट वाहनों की सघन जांच की। अभियान में लगभग 20 से 25 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान कुछ वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगे पाए गए। इसके अलावा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं। कुछ वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हुए पाए गए, जिससे आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।

पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की। साथ ही वाहनों में नियम विरुद्ध लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न हटवाने की कार्रवाई भी की गई।
धार पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने तथा वाहनों पर वैध नंबर प्लेट लगाने की अपील की है। साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

