अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

आगामी होलिका दहन, धूलहेंडी, रंगपंचमी, रमजान, ई-उल-फितर और चैत्र नवरात्र जैसे प्रमुख त्यौहारों को लेकर शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने आयुक्त कार्यालय परिसर में हिंदू उत्सव समिति, नगर रक्षा समिति, शांति समिति, गणमान्य नागरिकों तथा एमपीईबी, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की।

बैठक में त्यौहारों के दौरान शहर में शांति, आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जुलूस मार्ग, बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उपस्थित नागरिकों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे की भावना के साथ मनाएं। उन्होंने होलिका दहन, धूलहेंडी और चल समारोह के दौरान पुलिस का सहयोग करने, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

बैठक के उपरांत पुलिस आयुक्त ने सभागार में पुलिस अधिकारियों की अलग से समीक्षा बैठक ली। इस दौरान त्यौहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने, जुलूस मार्गों पर विशेष निगरानी रखने, थाना क्षेत्रों में देर रात तक सतर्क रहने, बलवा ड्रिल सामग्री साथ रखने तथा सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर रक्षा समिति, शांति समिति और गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्रीमती मोनिका शुक्ला, समस्त पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, नगर निगम, एमपीईबी, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, धर्मगुरु, गणमान्य नागरिक एवं नगर/ग्राम रक्षा समिति तथा शांति समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

