तारिक खान, रायसेन (मप्र), NIT;
रायसेन जिला मुख्यालय पर नेशनल डीवार्मिंग डे का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे ने दरगाह शरीफ स्थित मदरसे के बच्चों को एलबेन्डाजोल की गोली खिलाकर किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने बच्चों से कहा कि खूब पढ़ने और आगे बढ़ने के लिए स्वस्थ्य रहना जरूरी है और स्वस्थ्य रहने के लिए स्वच्छता और अच्छा भोजन आवश्यक है। सावधानियां नहीं बरतने पर भोजन के साथ बच्चों के पेट में कीटाणु चले जाते हैं जो भोजन के पोषक तत्वों को अवशोषित कर उनके शारीरिक तथा मानसिक विकास को अवरूद्ध करते हैं।
उन्होंने कहा कि एलबेन्डाजोल की गोली पेट के कीटाणुओं को नष्ट करेगी जिससे उनका ठीक से विकास होगा। उन्होंने बच्चों से भोजन करने से पहले अच्छी तरह साबुन से हाथ धोने के लिए भी कहा। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने कहा कि जीवन में अनुशासन बहुत आवश्यक है। बच्चों को आगे बढ़ने और अपना तथा अपने परिवार एवं देश-प्रदेश का नाम रौशन करने के लिए अनुशासित होकर कठिन परिश्रम करना चाहिए। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ शशि ठाकुर ने डीवार्मिंग डे पर पिलाई जाने वाली कृमिनाशक दवा एलबेन्डाजोल के बारे में जानकारी दी।
जिले भर के सभी स्कूलों, आंगनबाड़ियों के एक से पांच वर्ष तक के बच्चों को एल्बेण्डाजोल सस्पेंशन की निर्धारित खुराक पिलाई जा रही है। साथ ही सभी शासकीय एवं शासकीय अनुदान प्राप्त स्कूलों के माध्यम से पांच वर्ष से 19 वर्ष तक के बालक एवं बालिकाओं को शिक्षक की उपस्थित में कृमिनाशक के लिए एल्बेंडाजोल की एक गोली का सेवन कराया जा रहा है। यह एलबेन्डाजोल की दवा 06 माह में एक बार दी जाती है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शहर काजी जहीरूद्दीन, महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री आरसी त्रिपाठी तथा डॉ एके शर्मा उपस्थित थे।
