अविनाश द्विवेदी/पवन सोनी, भिंड (मप्र), NIT;

भिण्ड जिला देहात थाना क्षेत्र के अटेर रोड पर रात को गश्त के दौरान चार लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में आरक्षक प्रशांत भदौरिया और मनीष तोमर घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हमला करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है ओर तीन आरोपी भागने में सफल हो गए हैं।

दरअसल देहात थाने में पदस्थ आरक्षक प्रशांत भदौरिया ओर मुन्नेश तोमर बाइक से अटेर रोड़ पर गश्त पर निकले थे। उसी दौरान अटेर रोड पर दूध के टैंकर के पास खड़े चार युवकों ने पुलिस को रोका और रूकते ही चारों युवकों ने पुलिस पर हमला कर दिया जिसमें आरक्षक प्रशांत भदौरिया के सर में लाठी लगने से लुलुहान हो गए जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। आरक्षक मुन्नेश को मामूली चोट आई है। पुलिस के घायल आरक्षक ने हमला करने वाले एक आरोपी विवेक भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए आरोपियों के ठिकानों पर दविश दे रही है। जिले में अपराधियों पर पुलिस का ख़ौफ़ खत्म हो गया, इस घटना से इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
