जुन्नारदेव में जहरीली मिठाई कांड का खुलासा: साजिश रचकर हत्या व हत्या के प्रयास में तीन आरोपी गिरफ्तार | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

दिनांक 08 जनवरी 2026 की रात्रि में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पीएचई कार्यालय, जुन्नारदेव के गेट के पास एक हरे रंग का थैला टांगा गया, जिसमें सब्जी, नमकीन एवं मिठाई का डिब्बा रखा हुआ था। यह थैला मुकेश कथुरिया, जो पीएचई कार्यालय के पास चाय का ठेला लगाते हैं, के ठेले के समीप टांगा गया था।

दिनांक 09 जनवरी 2026 को पीएचई कार्यालय के चौकीदार दशरू यादववंशी (निवासी डुंगरिया) ने थैले में रखी मिठाई के कुछ टुकड़े खा लिए, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

इसके बाद 10 जनवरी 2026 को चाय ठेला संचालक मुकेश कथुरिया की पत्नी संतोषी कथुरिया ने उसी थैले में बची मिठाई के 2-3 टुकड़े घर ले जाकर अपनी बेटियों खुशबू, पूजा एवं ससुर सुंदरलाल के साथ सेवन कर लिए। सभी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सुंदरलाल की 13 जनवरी 2026 को तथा खुशबू की 14 जनवरी 2026 को मृत्यु हो गई। संतोषी एवं उनकी बेटी पूजा उपचार के बाद स्वस्थ होकर डिस्चार्ज कर दी गईं।

पुलिस जांच एवं वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 10 जनवरी 2026 को पीएचई कार्यालय के गेट के पास से मिठाई के दो टुकड़े, डिब्बा एवं हरा थैला जब्त किया। मिठाई का एक नमूना 11 जनवरी 2026 को खाद्य एवं औषधि विभाग, छिंदवाड़ा को जांच हेतु भेजा गया।

19 जनवरी 2026 को प्राप्त रिपोर्ट में मिठाई में आर्सेनिक तत्व 25648 mg/Kg (2.56%) पाया गया, जबकि मानक सीमा 1.1 mg/Kg है। रिपोर्ट में मिठाई को Unsafe घोषित किया गया। इसके अलावा मृतक सुंदरलाल के विसरा परीक्षण में भी आर्सेनिक की पुष्टि हुई।

साजिश का खुलासा

जांच के दौरान पता चला कि आर्सेनिक तत्व “सोमल” नामक दवा में पाया जाता है, जिसका उपयोग घोड़े पालने वाले लोग ठंड से बचाव हेतु अत्यंत कम मात्रा में करते हैं। अधिक मात्रा में सेवन करने पर यह जानलेवा हो सकता है।

मृतिका खुशबू के ससुराल पक्ष ग्राम थावरीकला, थाना चांद में घोड़ा पालने की जानकारी सामने आई। पूछताछ व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच की, जिसमें सामने आया कि खुशबू को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जाता था और वह मायके में रह रही थी। इसी रंजिश के चलते ससुर, देवर एवं ननंद ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

दिनांक 05 जनवरी 2026 को आरोपियों ने जुन्नारदेव आकर रेकी की और 08 जनवरी 2026 की रात घोड़े को दी जाने वाली सोमल (आर्सेनिक) दवा मिठाई में मिलाकर उसे पीएचई कार्यालय के गेट के पास चोरी-छिपे रख दिया।

गिरफ्तारी व कार्रवाई

पुलिस ने झाडू कसार, शुभम कसार एवं शिवानी कसार, निवासी ग्राम थावरीकला, थाना चांद, जिला छिंदवाड़ा को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 103(1), 109(1), 61(2) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल (MP-28-ZK-4958) एवं एक रेडमी स्मार्टफोन जब्त किया गया है। तीनों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

1. झाडू कसार, पिता गिरधारीलाल, उम्र 57 वर्ष

2. शुभम कसार, पिता झाडू कसार, उम्र 24 वर्ष

3. शिवानी कसार, पिता झाडू कसार, उम्र 22 वर्ष
निवासी – ग्राम थावरीकला, थाना चांद, जिला छिंदवाड़ा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article