रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किया गया केंद्रीय बजट जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया है। यह बजट केवल दिखावटी घोषणाओं तक सीमित है और देश-प्रदेश के मध्यम वर्गीय एवं निचले तबके की जनता के लिए इसमें कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
यह आरोप मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता साबिर फिटवेल ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लगाया। उन्होंने कहा कि यह बजट जनता को राहत देने के बजाय एक “लॉलीपॉप” साबित हुआ है।
साबिर फिटवेल ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से जूझ रही जनता तथा ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को इस बजट से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन केंद्र सरकार ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश के साथ एक बार फिर सौतेला व्यवहार किया गया है। राज्य के लिए न तो कोई विशेष पैकेज दिया गया और न ही विकास से जुड़ी कोई ठोस योजना बजट में शामिल की गई है। यह बजट पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने और उन्हें राहत देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मध्यम वर्ग, निचले तबके की जनता और बेरोजगार युवा खुद को पूरी तरह उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। बजट में 3 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात तो कही गई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया कि ये नौकरियां किस सेक्टर में और कब दी जाएंगी। बिना किसी रोडमैप के ऐसी घोषणाएं जनता को भ्रमित करने के समान हैं।
उन्होंने आगे कहा कि किसानों के लिए भी बजट में कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है। न तो फसलों के उचित समर्थन मूल्य पर कोई स्पष्ट घोषणा की गई, न कर्ज माफी की बात की गई और न ही कृषि लागत घटाने को लेकर कोई प्रभावी कदम उठाया गया।
अंत में साबिर फिटवेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी और किसान विरोधी बजट का पुरजोर विरोध करती है।
