संदीप शुक्ला, पुदुच्चेरी/ग्वालियर (मप्र), NIT:

गोपाल किरन समाजसेवी संस्था (GKSSS) एवं पांडिचेरी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘सिल्वर जुबली कैंपस’ में आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए विद्वानों ने सर्वसम्मति से कहा कि सामाजिक समरसता, समानता और चेतना के कारण 21वीं सदी को “डॉ. भीमराव अंबेडकर की सदी” के रूप में जाना जाएगा।

संविधान की प्रस्तावना के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. चंद्र मोली (अधिष्ठाता, स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज) ने दीप प्रज्वलन कर किया। विश्वविद्यालय गीत के उपरांत डॉ. मनीष कुमार ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया, जिससे पूरा परिसर संवैधानिक मूल्यों की गूँज से गूंज उठा।

संस्था के अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह निमराजे ने विषय प्रतिपादन करते हुए संस्था की स्थापना वर्ष 1986 से अब तक की यात्रा और ‘शिक्षा, सेवा एवं प्रेरणा’ के मूल मंत्र पर प्रकाश डाला।

तकनीकी सत्रों में उच्च स्तरीय अकादमिक विमर्श
तकनीकी सत्र डॉ. जे. नागराजन के मार्गदर्शन एवं रश्मि सिंघल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न शोध पत्रों का वाचन किया गया।
आदिवासी एवं स्त्री विमर्श: धनंजय प्रताप, डॉ. हेमा जोशी एवं डॉ. मनीष कुमार ने समकालीन साहित्य में हाशिए के समाज के संघर्षों को रेखांकित किया।
प्रतिरोध का स्वर: राजीव कुमार बेज, सचिन कुमार, प्रियंका कुमारी एवं डॉ. भावना ने ग़ज़लों के माध्यम से प्रगतिशील चेतना पर विचार प्रस्तुत किए।
दलित लेखन: कपिल ने कौशल्या बैसंत्री की आत्मकथा ‘दोहरा अभिशाप’ के माध्यम से दलित महिला लेखन की चुनौतियों पर प्रकाश डाला।
एकल नाटक ने किया भावविभोर
दोपहर के सत्र में छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध कलाकार श्रीमती बी. यदु ने ‘नारी शिक्षा’ विषय पर आधारित एक मार्मिक एकल नाटक प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
‘ग्लोबल आइकॉन’ सम्मान से विभूतियाँ हुईं सम्मानित
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। रेलवे के मुख्य अभियंता इंजी. दीपक गोयल की गरिमामयी उपस्थिति में दो श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए—
अरविंद घोष ग्लोबल आइकॉन प्रेस्टीज अचीवर्स अवॉर्ड:
डॉ. सुधांशु कुमार चक्रवर्ती (बिहार), पी. यादव ‘ओज’, प्रो. दिवाकर दिनेश गौड़ (गुजरात), विजय सिंह (हरियाणा) एवं सागर गोपाल राठौड़ (महाराष्ट्र)।
ग्लोबल आइकॉन प्रेस्टीज प्राइड अचीवर्स अवॉर्ड:
इस श्रेणी में देशभर के लगभग 45 से अधिक शिक्षाविदों, समाजसेवियों, कलाकारों एवं शिक्षकों को शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संस्था अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह निमराजे ने बताया कि GKSSS कश्मीर से कन्याकुमारी और नेपाल तक सामाजिक चेतना की अलख जगा रही है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कैलाश चंद्र मीणा का संरक्षण एवं पी. यादव ‘ओज’ का परामर्श उल्लेखनीय रहा।
अंत में राजीव कुमार बेज ने आभार व्यक्त किया। हिंदी विभाग के छात्र-छात्राओं को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
