शेरा मिश्रा/अविनाश द्विवेदी, कटनी (मप्र), NIT;

नरेन्द्र के खेतों में अब बिना बिजली के ही सिंचाई हो रही है। इससे फसलों को पर्याप्त पानी मिल रहा है। जिसका लाभ भी आने वाले समय में निश्चित तौर पर होगा। यह भी नरेन्द्र का मानना है। नरेन्द्र सिंह बघेल को यह खास सौगात मिल पाई है मुख्यमंत्री सोलर पंप योजना से। जिसके माध्यम से कटनी जनपद अंतर्गत ग्राम टिकरिया में नरेन्द्र के खेत पर सोलर पंप का यूनिट लगाया गया है। जिसकी क्षमता लगभग 2 हॉर्सपॉवर है।
मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के द्वारा लगवाये गये सोलर पंप यूनिट वर्तमान में नरेन्द्र के लिये वरदान साबित हो रही है। इसके माध्यम से अब वो सुबह 9 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक पर्याप्त क्षमता के साथ पानी अपने खेतों पर उपलब्ध करा पा रहे हैं, वो भी बिना विद्युत बिल दिये। अपने अनुभव साझा करते हुये नरेन्द्र ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों से उन्हें इस योजना की जानकारी प्राप्त हुई। जिसके बाद उन्होंने इसके लिये आवेदन किया।
मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा विकास निगम की इस योजना की सबसे बड़ी खसियत नरेन्द्र सिंह बघेल ने इसमें प्राप्त होने वाली सब्सिडी को बताया है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े सोलर पंप यूनिट के लिये महज मुझे 25 हजार रुपये की राशि ही जमा करनी पड़ी। वहीं इसके लिये 90 प्रतिशत की सब्सिडी सरकार की ओर से मिली है। जिसके द्वारा महज 25 हजार रुपये खर्च करके मैं 5 एकड़ से अधिक खेतों में सुगमता से सिंचाई कर पा रहा हूँ।
